उपभोक्ताओं को समझाते बिजली विभाग के अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
पावर कार्पोरेशन की विजलेंस और स्थानीय अभियंताओं व कर्मचारियों की संयुक्त टीम ने बुधवार को शहर के व्यवसायिक क्षेत्र महेश्वरी देवी मंदिर रोड से बलखंडी नाका तक बिजली चेकिंग का सघन अभियान चलाया। सात स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी। इनमें ज्यादातर व्यवसायी हैं। इनके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मुख्य अभियंता के निर्देश पर अधिशासी अभियंता अनिल पाठक की अगुवाई में टीम ने चेकिंग की। महेश्वरी देवी और बलखंडी नाका रोड पर अवधेश कुमार गुप्ता (घर), प्रेमचंद्र गुप्ता (फुटवियर), परिवार गारमेंट्स (इसरार खां व आमिर खां), शुभांगी ब्यूटी पार्लर (लता श्रीवास्तव), राजकुमार गुप्ता (कनक मोबाइल कलेक्शन), रज्जन कुमार गुप्ता, चंद्रशेखर देव और विमला देवी के यहां बिजली चोरी पकड़ी गई।
उप खंड अधिकारी कुमार सौरभ ने बताया कि सात लोगों के विरुद्ध धारा 135 और 12 लोगों पर धारा 138 का मुकदमा दर्ज कराया है। बिल अदा न करने वाले 12 बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए। उन्होंने बताया कि बांदा में इस समय लाइन लास का ग्राफ 30 फीसदी है। अभियान चलाकर अगले दो माह में इसे 20 फीसदी किया जाना है। टीम में उप खंड अधिकारी हिमांशु यादव सहित विजलेंस विभाग के अवर अभियंता ख्वाजुद्दीन और स्थानीय सब स्टेशन के जेई कांता प्रसाद आदि उपस्थित रहे।