बांदा/बदौसा। दो दिन से लापता युवक का शव नाले में बरामद हुआ। पहचान मिटाने के लिए उसका चेहरा जला दिया गया था। मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया गया है। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के भदवारी गांव निवासी संदीप (30) अपने पिता उल्का आरख के साथ ननिहाल भदावल (बदौसा) गांव में रहता था। पेशे से वह राजगीर था। पिता ने बताया कि संदीप मंगलवार की रात अपने मामा के पास ट्यूबवेल में लेटने के लिए गया था। तलाश के बाद उसका कोई पता नहीं चला। गुरुवार को सुबह ग्रामीणों ने गांव से कुछ दूर नाले में शव पड़ा देखा।
बताया कि हत्यारों ने उसका सिर कुचल कर आग से जलाया भी था। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक के पिता ने बताया कि संदीप का एक युवती से प्रेम-प्रसंग था। इसी में दबंग ने उसकी हत्या कर दी। थानाध्यक्ष घनश्याम पांडेय ने बताया कि अभी तक उन्हें तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर मिलने पर कार्रवाई करेंगे।