बांदा। टेंपो पलटने से आठ श्रद्धालु घायल हो गए।
इन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक
महिला श्रद्धालु की उपचार के दौरान मौत हो गई।
जसपुरा थाना क्षेत्र
के गौरीकलां गांव निवासी श्यामलाल आरख (45) परिवार के साथ एक वर्षीय बेटे
का मुंडन कराने संकट मोचन मंदिर बांदा आ रहा था। टेंपो में लगभग एक दर्जन
लोग सवार थे। जसपुरा से कुछ दूर चलते ही सामने से आ रही पिकअप को साइड देने
में अनियंत्रित टेंपो सड़क किनारे पलट गया।
टेंपो में सवार ऊषा
(50) पत्नी जयकिशन तिवारी, विपिन (12) पुत्र श्यामलाल, दुलीचंद्र (28)
पुत्र फकीरा और उसकी मां किशनिया (47), शिव प्यारी (60) पत्नी रामआसरे,
शकुंतला (35) पत्नी मोतीलाल, बिसनिया (30) पत्नी विजय पाल, श्यामलाल (45)
पुत्र सुघरा गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों और पुलिस ने सभी को
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद
इन्हें 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया है। यहां उपचार के दौरान ऊषा
की मौत हो गई।
ट्रक की टक्कर से तीन ट्रैक्टर सवार गंभीर रूप से
घायल हो गए। ट्रक में फंसकर ट्रैक्टर ट्राली दूर तक घिसटती चली गई। चालक और
खलासी ट्रक छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने ट्रक कब्जे मेें ले लिया है।
चिल्ला
थाना क्षेत्र के सादीमदनपुर गांव से इरशाद और उसके भाई धान का पुआल लेने
ट्रैक्टर से पलरा गांव आए थे। सोमवार को दोपहर पुआल लादकर गांव जाते समय
पलरा से कुछ दूर चलते ही पीछे से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी।
पुआल
भरी ट्राली में ट्रक फंसने से ट्रैक्टर ट्राली दूर तक घसिटती चली गई और
ट्रैक्टर पलट गया। ट्राली मेें फंस जाने से चालक ट्रक लेकर नहीं भाग सका।
दुर्घटना होते ही खलासी और चालक ट्रक छोड़कर भाग निकले।
दुर्घटना
में इरशाद (36) और उसका भाई सिराज अहमद (28) और चचेरा भाई नौशाद (42) गंभीर
रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया।