नरैनी। ट्रैक्टर से कुचलकर छात्रा की मौत हो गई। घटना से खफा ग्रामीणों ने मुआवजा की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। तहसीलदार और क्षेत्राधिकारी के आश्वासन पर जाम खत्म हुआ। गिरवां थाना क्षेत्र के बहेरी गांव निवासी आस्था (17) पुत्री सूर्यपाल नौहाई इंटर कालेज में 12वीं की छात्रा थी। इसी गांव का खेमचंद्र (14) पुत्र प्रीतम 10वीं में पढ़ता है।
बुधवार को सुबह दोनों अलग-अलग साइकिलों पर कालेज जा रहे थे। गांव से कुछ दूरी पर बालू भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने आस्था को रौंद दिया। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक घबराकर स्टेयरिंग पर काबू नहीं रख सका और खेमचंद्र की साइकिल को भी टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों को आते देख चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला।
उधर, घटना से खफा ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर आवागमन अवरुद्ध कर दिया। पुलिस ने घायल खेमचंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। जाम लगाए ग्रामीण गांव के पास दोनों ओर स्पीड ब्रेकर बनाने और छात्रा की मौत पर मुआवजे की मांग कर रहे थे। क्षेत्राधिकारी डॉ. राकेश मिश्र और तहसीलदार गिरिवर सिंह ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर दो घंटे बाद जाम खत्म कराया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।