बेंदाघाट (बांदा)। तिंदवारी थाने के परसौड़ा गांव में बदमाशों ने एक युवक की बरछी से गोद-गोदकर हत्या कर दी, जबकि उसके बड़े भाई को मरणासन्न कर वहीं फेंक दिया। दोनों भाई बुधवार रात सरकारी ट्यूबवेल से खेत सींचने गए थे। घर न आने पर सुबह खोजबीन करने निकले भतीजे ने दोनों को खून से लथपथ देखा। घायल भाई को ग्रामीण जिला अस्पताल ले गए, जहां से कानपुर रेफर कर दिया गया।
चिल्ला, पैलानी, देहात कोतवाली, कुरसेजा आदि की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी तिंदवारी ने ग्रामीणों व परिवारीजनों से पूछताछ की। घटनास्थल का बारीकी से मुआयना भी किया। शव को कब्जे में लेकर आनन-फानन थाने ले आया गया। वहीं पंचनामा भरा गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
घटना किसने और क्यों अंजाम दी, यह पता नहीं चल सका। मृतक छत्रपाल यादव उर्फ छुट्टन (35) परसौड़ा गांव निवासी दादूराम यादव के छह पुत्रों में सबसे छोटा था। पिपरहरी प्रतिनिधि के मुताबिक वह दूध का धंधा कर परिवार पाल रहा था। परिवार में उसकी पत्नी और तीन पुत्रियां हैं। एक पुत्री मात्र चार माह की है। घायल भाई अजयपाल यादव (43) घर में रहकर खेत-किसानी में हाथ बंटाता है। दादूराम यादव के नाम लगभग 25 बीघा जमीन है।
जांच में सामने आया कि छत्रपाल, अजयपाल सहित तीन भाई गांव में रहते हैं, जबकि अन्य तीनों बांदा में। बुधवार रात छत्रपाल और अजयपाल एक रजाई और बरछी लेकर खेत गए थे। बदमाशों ने वही रजाई ओढ़ाकर उनको बरछी से मारा। छत्रपाल का चेहरा और सीना गोद दिया।
अजयपाल के सिर में बरछी मारी। सुबह भतीजे अंकित (14) ने दोनों को लहूलुहान देखा तो शोर मचाया। ग्राम प्रधान रामकरन यादव ने थाने में सूचना दी। क्षेत्रीय विधायक दलजीत सिंह, भाजपा नेता रामकरन सिंह उर्फ बच्चन, बसपा प्रत्याशी जगदीश प्रजापति, बसपा नेता जयराम सिंह (बछेउरा) और पूर्व प्रधान बेंदा विवेक सिंह भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।