मोबाइल की काल डिटेल की पूछताछ करते क्षेत्राधिकारी शोहराब आलम।
- फोटो : अमर उजाला
सेवानिवृत्त एआरटीओ के घर से चोरों ने छह लाख के जेवर व नकदी पार कर दी। गंभीर रूप से बीमार गृहस्वामी और उनके परिजन कानपुर में थे। सूना घर पाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया।
कालूकुआं मोहल्ले में धर्मकांटा के पास रामबहादुर गुप्ता सपरिवार रहते हैं। मंगलवार की रात सूने घर में चोरों ने ताला तोड़कर अलमारी व सूटकेस में रखे करीब साढ़े तीन लाख के जेवर और ढाई लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। सुबह पड़ोसियों ने ताला टूटे देख गृहस्वामी को फोन पर जानकारी दी। श्री गुप्ता के साले वीरेंद्र ने बताया कि बहनोई रामबिहारी का कानपुर के रिजेंसी अस्पताल में गुर्दे का इलाज चल रहा है।
पत्नी ममता गुप्ता व उनका नौकर ऋषि गुप्ता भी मंगलवार को कानपुर चले गए। सूना घर देखकर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। ममता गुप्ता ने नगर कोतवाली में चोरी की तहरीर दी। क्षेत्राधिकारी शोहराब आलम व प्रभारी निरीक्षक डीपी तिवारी व कालूकुआं चौकी इंचार्ज नीरज कुमार ने फोरेसेंसिक टीम के साथ मकान का मौका मुआयना किया। घर के नौकर ऋषि गुप्ता का मोबाइल फोन लेकर उसकी काल डिटेल खंगाली। गौरतलब है कि चार दिन पहले कालूकुआं में ही एक मोबाइल की दुकान में चोरों ने एक लाख का माल पार कर दिया। पुलिस अभी तक इसका खुलासा नहीं कर सकी।