लिफ्ट लेकर कार में बैठे बिजली विभाग के राजस्थानी मजदूरों को कार सवार बदमाशों ने नशीली चाय पिलाकर लूट लिया। इतना ही नहीं पिटाई भी की। बेहोशी की हालत में तीनों मजदूरों को सड़क पर फेंककर फरार हो गए। सुबह आसपास के ग्रामीणों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया।
जसपुरा क्षेत्र के गांवों में इन दिनों विद्युतीकरण का काम चल रहा है। इसमें राजस्थान के मजदूर काम कर रहे हैं। कई दिन पहले ये छुट्टी पर घर चले गए थे। रविवार की रात ट्रेन से बांदा लौटे। रात करीब 10 बजे शहर में सिविल लाइन पुलिस चौकी के बाद जसपुरा जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान स्कार्पियो कार उनके पास आकर रुकी। चालक ने तीनों मजदूरों को जसपुरा तक ले चलने को कहा। भरोसा कर तीनों मजदूर डोगर सिंह (22) पुत्र भागमल, जोगेंद्र (23) पुत्र रामसहाय और जसवंत (20) पुत्र लाल सिंह कार पर सवार हो गए। तीनों राजस्थान के अलवर जिले के तसई गांव के रहने वाले हैं।
अस्पताल में भर्ती मजदूरों ने बताया कि कार में चालक के अलावा भी कुछ लोग सवार थे। बाईपास के पास चाय पीने की बात कहकर चालक ने कार रोकी। तीनों मजदूरों को भी चाय पिलाई। कुछ आगे चलने पर चिल्ला रोड पर बगिया गांव के पास डोगर सिंह को उल्टियां होने लगीं। जोगेंद्र और जसवंत की भी हालत बिगड़ने लगी।
कार चालक ने तीनों को नीचे उतारा और उनके पास मौजूद नगदी छीनना शुरू कर दी। डोगर के मुताबिक उसके गले से चांदी की चेन और दो मोबाइल तथा तीनों मजदूरों से करीब 1200 रुपये लूट लिए। मजदूरों ने विरोध किया तो उन्हें लात घूंसों से जमकर पीटा और फरार हो गए। कुछ ही देर में यह तीनों बेहोश हो गए। रात वहां बेहोश पड़े रहे।