धनघटा थाने पर प्रेमी के साथ जाने के जिद को लेकर दो दिनो तक अड़ी महिला केे प्रेम का ‘सौदा’ सोमवार को 50 हजार में हुआ। एक प्रधान की मध्यस्थता के बाद महिला पति के साथ रहने को तैयार हो गई।
शुक्रवार सुबह धनघटा थाने पर पहुंच कर एक महिला ने प्रार्थना पत्र दिया कि उसका प्रेमी एक वर्ष से उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता चला आ रहा था। अब जब उसके घर रहने की बात कही तो वह धोखे से धनघटा चौराहे पर उसे छोड़कर भाग गया। महिला पुलिस से प्रेमी के साथ भेजने की फरियाद करती रही। शनिवार को वह धनघटा थाने पर पहुंचे डीआईजी से मिलकर मदद की गुहार लगाई थी।
पुलिस ने महिला को रविवार को थाने पर आने की बात कह कर उसके मायके के प्रधान के साथ भेज दिया था। रविवार को प्रधान और महिला के प्रेमी के घर के लोगों ने उससे बातचीत की। इसके बाद 50 हजार रुपये में समझौता हुआ और प्रेमी पक्ष महिला से पल्ला झाड़ लिया। सोमवार को महिला का पति उसे साथ ले जाने के लिए उसके पास पहुंच गया। इस संबंध में इंस्पेक्टर ईश्वरचंद प्रधान ने बताया कि सुलह समझौते की जानकारी उन्हें नहीं है। महिला को बुलाया गया था लेकिन वह अभी तक थाने पर नहीं आई । यदि पीड़िता थाने पर आएगी तो उसके प्रकरण की जांच कर न्योचित कार्रवाई की जाएगी।