पोस्टमार्टम हाउस में मृतक लाइनमैन के शोकाकुल परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा/बबेरू। शट डाउन लेकर आपूर्ति बंद कराने के बाद अचानक फिर बिजली चालू हो जाने से प्राइवेट बिजली कर्मी की करंट से मौत हो गई। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के भांटी गांव का ओम प्रकाश (30) पुत्र देवराज प्राइवेट तौर पर बिजली का काम करता था। गुरुवार को शाम गांव की लाइन खराब होने पर वह शट डाउन लेकर ठीक कर रहा था। इसी बीच बिजली आपूर्ति चालू हो जाने से वह खंभे से नीचे आ गिरा। उसकी वहीं मौत हो गई।
ग्राम प्रधान आनंद यादव ने बताया कि ओम प्रकाश के पास छह बीघा जमीन है। खेती में पैदावार न होने से वह प्राइवेट तरीके से बिजली मरम्मत का काम कर परिवार पालता था। वह अपने पिता की इकलौती संतान था। मृतक के एक पुत्र व एक पुत्री है। उधर, इस संबंध में अवर अभियंता राहुल पटेल को फोन करने पर उनसे संपर्क नहीं हो सका।