बांदा। अलग-अलग घटनाओं में पड़ोसी युवकों ने दो किशोरियों को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। दोनों के पिता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पहली घटना देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव की है। यहां 14 वर्षीय किशोरी को दो दिन पूर्व रविवार को पड़ोसी युवक मुंह में कपड़ा बांधकर घर के नजदीक खंडहर में ले गया और दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी के शोर मचाने पर धमकी देकर फरार हो गया। पिता ने थाने में दी तहरीर में बताया कि घटना वाले दिन उसकी बड़ी बेटी की बारात आनी थी। परिजन तैयारियों में जुटे थे। इसी बीच उसकी छोटी पुत्री के साथ यह घटना पेश आई। पुलिस ने आरोपी के परिजनों को थाने में बैठा लिया। इस पर आरोपी थाने आ गया और उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल टेस्ट कराया है। दूसरी घटना में शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्षीय किशोरी के साथ पड़ोसी युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। पिता ने तहरीर के मुताबिक उसकी पुत्री एक हफ्ते पूर्व पड़ोसी के घर निमंत्रण में गई थी। तभी पड़ोसी युवक उसे मौका पाकर सुनसान इलाके में ले गया और दुष्कर्म करने लगा। शोर सुनकर ग्रामीण दौड़े तो जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बुधवार को किशोरी का जिला अस्पताल में मेडिकल करवाया। कोतवाल प्रभारी डीपी तिवारी ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।