चोरी के बाद पुलिस को जानकारी देते गृह स्वामी दंपत्ति।
- फोटो : अमर उजाला
शहर पुलिस में कोतवाली प्रभारी समेत कई चौकी प्रभारियों में रद्दोबदल के बाद भी मंडल मुख्यालय बांदा शहर में अपराध थमते नजर नहीं आ रहे। ताजी घटना में शहर के व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े एलआईसी के विकास अधिकारी के घर से 2 लाख रुपये कैश और लगभग तीन लाक रुपये के जेवरात चोरी हो गए।
हाल ही में पुलिस अधीक्षक ने शहर की पुलिस में काफी बदलाव किया है, लेकिन इसका असर चोरों और अपराधियों पर नजर नहीं आ रहा। शनिवार को कलक्ट्रेट से चंद कदम दूर आर्य कन्या इंटर कालेज के बगल की कालोनी में किराए के मकान में रह रहे एलआईसी के विकास अधिकारी विकास गुप्ता और उनकी पत्नी प्रधानाध्यापक मनोज गुप्ता अपनी-अपनी ड्यूटी पर गए थे। घर में ताला पड़ा था।
इसी दौरान दीवार लांघकर घर में दाखिल हो गए और कमरों के ताले तोड़कर दो अलमारियों में रखे लगभग दो लाख रुपये कैश और तकरीबन तीन लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए। चोरों ने दोनों अलमारियां बुरी तरह खंगाल दी। सामान बिखेर दिया। शाम को ड्यूटी से लौटे दंपति ने देखा तो बाहर के दरवाजे पर ताला बरकरार था। अंदर ताले टूटे मिले। मौके पर लोहे की राड बरामद हुई। शहर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वीडियोग्राफी की। गृह स्वामी विकास गुप्ता ने बताया कि चोरी गए सामान की सूची तैयार की जा रही है। जल्द ही पुलिस को तहरीर दी जाएगी।