बदमाशों ने बाइक सवार युवक को पीटकर रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया। बेहोशी की हालत में उसे सड़क किनारे खंती में फेंक दिया। राहगीरों की सूचना में पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
शहर के परशुराम तालाब मोहल्ला निवासी विद्या सागर (35) पुत्र मइयादीन अपने घर पर किराने की दुकान किए है। बुधवार शाम उसने चमरौडी मोहल्ले में एक व्यवसायी के पास जेवर गिरवी रखकर 20 हजार रुपये कर्ज लिया। यह रुपये लेकर व अपनी बहन को देने तिंदवारी जा रहा था।
विद्या सागर का कहना है कि दुकान के सामने खड़े परिचित युवक ने उसे तिंदवारी रोड बाईपास तक साथ ले जाने को कहा। बबेरू रोड से तिंदवारी रोड मंडी समिति को जाने वाले पुराने बाईपास पर सुनसान पुलिया के पास युवक ने बाइक रोककर उतरने को कहा। गाड़ी रोकते ही वहां छिपे चार बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया।
इनमें एक नकाबपोश था। मुट्ठी से रुपये न छोड़ने पर बदमाशों ने सिर पर डंडों से वार कर लहूलुहान कर दिया। रुपये छीनने के बाद उसे बेहोशी हालत में सड़क किनारे खंती में फेंककर भाग निकले। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे बाइक सवार दो युवकों ने सड़क किनारे लावारिस बाइक व युवक को खंती में पड़ा देख पुलिस को सूचना दी।
कालूकुआं चौकी पुलिस ने उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। बुधवार को सुबह होश आने पर उसने घटना बताई। परिजनों का कहना है कि अभी तक इलाज में लगे रहने से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई। हालत सुधरने पर रिपोर्ट दर्ज कराएंगे। उधर, कालूकुआं चौकी प्रभारी राकेश सरोज का कहना है कि लूट का डर है तो रात को रुपये लेकर क्यों चलते है? सारी जिम्मेदारी क्या हमने ही ले रखी है?।