बांदा। शहर के चमरौटी मोहल्ला स्थित रावण ब्रांड गुटखा फैक्ट्री में मंगलवार को आयकर विभाग की जीएसटी टीम ने छापा मारा। लगभग एक क्विंटल तंबाकू बरामद हुई। आयकर विभाग 40 लाख रुपये की नोटिस भेजने की तैयारी कर रहा है।
विभाग के एडिशनल कमिश्नर डा. एके पांडेय के निर्देशन में सर्च टीम सुबह करीब 11 बजे फैक्टरी पहुंची। वहां ताला बंद था। एडिशनल कमिश्नर ने बताया कि इस फर्म की प्रोप्राइर शिव ज्योति निगम हैं। फर्म को प्रेम आहुजा और राममिलन चौरसिया संचालित करते हैं। प्रेम आहूजा सुपारी व्यवसायी हैं। गुटखा फैक्ट्रियों को आपूर्ति करते हैं। बताया कि फैक्ट्री बंद होने पर प्रेम आहुजा को फोन किया गया। उन्होंने अपने को बाहर बताया। इस पर ताला तोड़ने की तैयारी की जा रही थी तभी प्रेम आहुजा आ गए। गोदाम में लगभग एक क्विंटल तंबाकू बरामद हुई। एक गुटखे में एक ग्राम तंबाकू पड़ती है। इस अनुपात से बरामद तंबाकू भारी मात्रा में गुटखे तैयार करने के लिए थे। श्री पांडेय ने बताया कि ज्यादातर अभिलेख नहीं मिले। लगभग 40 लाख रुपये टैक्स अदा करने की नोटिस भेजी जाएगी। अदायगी न करने पर अगली कार्रवाई होगी। टीम में सहायक आयुक्त महेंद्र प्रताप सिंह, राज्यकर अधिकारी चंदन सिंह व मुंशीलाल तथा प्रेमचंद्र और स्टाफ के साथ पुलिस शामिल थी।