आबकारी और पुलिस ने संयुक्त रूप से शराब की पेटियों से भरा ट्रक पकड़ा। दबोचे गए लोगों की निशानदेही पर दो और स्थानों से अवैध शराब बरामद की। कुल 90 पेटी देशी शराब बरामद हुई। कीमत डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।
मंगलवार को सुबह बांदा-चिल्ला मार्ग पर पपरेंदा तिराहे में संयुक्त टीम ने फतेहपुर की ओर से आए ट्रक को रोककर छानबीन की। उसमें चार-पांच पेटी शराब की बरामद हुईं। चालक और ट्रक सवार मजदूर शराब के बारे में संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाए।
आबकारी अधिकारी डॉ.सुरेशचंद्र और पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रभात कुमार सहित कई थानों के फोर्स ने ट्रक कब्जे में लेेकर शराब जब्त कर ली। ट्रक चालक दुर्गादत्त शुक्ला (रेवई, मटौंध) ने बताया कि वह कई माह से फतेहपुर से शराब की पेटियां लेकर आता था और बताए गए स्थान पर पहुंचाता था। भाड़े के रूप में उसे दो हजार रुपये मिलते थे।
वरिष्ठ आबकारी निरीक्षक आरएस चौधरी पकड़ी गई शराब मध्य प्रदेश में तैयार करके फतेहपुर भेजी जाती थी। फतेहपुर में शराब की शीशियों में होलो और मोनोग्राम लगाने के बाद इसे सप्लाई किया जाता था। पुलिस और आबकारी टीम ने चालक की निशानदेही पर पपरेंदा गांव में एक टेलीफोन टावर और निवाइच गांव से 90 पेटी शराब और बरामद की।
टीम ने आबकारी निरीक्षक अजय कुमार, मनोज कुमार शर्मा, चिल्ला थानाध्यक्ष आरबी सिंह, पैलानी थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह आदि शामिल रहे। उधर सोमवार की रात शहर के रेलवे स्टेशन, होटल, बस स्टैंड, ढाबों आदि में अपर एसपी रामस्वरूप के निर्देशन में चेकिंग अभियान चलाया गया। संदिग्ध राहगीरों आदि से पूछताछ की गई। हालांकि कुछ हाथ नहीं लगा।