बांदा। खानदानियों से विवाद के बाद 58 वर्षीय वृद्ध को गोली मार दी। उसके पुत्र को भी तमंचे की बट से घायल कर दिया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से देहात कोतवाली पुलिस अनभिज्ञता जता रही है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के जौरही गांव निवासी रामप्रकाश ने बताया कि बुधवार की रात उसका पुत्र राममूरत गुटखा लेने दुकान गया था। रास्ते में खानदानी सुक्खू से विवाद हो गया। राममूरत के वापस लौट आने के बाद सुक्खू के साथ रामसुफल, रामलखन, रामरूप, शोभाराम, सुनील आदि ने रामप्रकाश आदि ने उसके घर आकर धौंस-धमकी और अभद्रता शुरू कर दी।
सभी लाठी व असलहे लेकर आए थे। रामलखन ने रामसुफल से तमंचा छीनकर उस पर फायर कर दिया। छीना-झपटी में गोली उसकी जांघ में लगी। उधर, हमलावरों ने रामप्रकाश के पुत्र राममूरत को तमंचा की बट मारकर लहूलुहान कर दिया। उसके सिर पर गंभीर चोट आई।
रात को दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना में दूसरे पक्ष के सुक्खू ने भी जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया है। उधर, देहात कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार पाठक का इस संबंध में जवाब हैरत भरा रहा। उन्होंने ऐसी किसी घटना से अनभिज्ञता जताई।