अतर्रा। किराना व फल व्यापारी की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। उसकी जेब से जबलपुर का टिकट मिला। परिजन इसे दुर्घटना बता रहे हैं, जबकि चर्चा है कि पारिवारिक कलह के चलते ट्रेन से कटकर आत्महत्या की है।
संजय नगर, बदौसा रोड निवासी लखनलाल गुप्ता (32) पुत्र सुखदेव जनरल स्टोर के साथ फल का भी व्यापार करता था। सोमवार को तड़के तीन बजे वह घर से व्यापार के सिलसिले में जबलपुर जाने को निकला था। सुबह परिजनों को उसकी ट्रेन से कटकर मौत होने की खबर मिली।
जीआरपी ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक के बड़े भाई रामलाल ने बताया कि उसकी जेब से जबलपुर का टिकट और कुछ रुपये मिले हैं। पिछले वर्ष मार्च माह में उसकी शादी हुई थी। चार भाइयों में तीसरा था। उधर, स्टेशन में मौजूद कुछ लोग ट्रेन के सामने छलांग लगाकर जान देने की बात कह रहे हैं। जीआरपी थानाध्यक्ष हरिविलास ने बताया कि मृतक की जेब से टिकट मिला है।