ग्रेनाइट और टाइल्स शोरूम के मालिक प्रदीप सिंह सेंगर उर्फ नीलू के अपहरण में इस्तेमाल की गई उनकी कार सीमावर्ती मध्य प्रदेश के छतरपुर जनपद में बरामद हो गई है। यह लावारिस हालत में खड़ी मिली। बांदा पुलिस के साथ छतरपुर की पुलिस भी अब अपहृत व्यापारी की सुरागरसी और खोजबीन में जुटी हुई है। कार में जूते और कुछ अन्य सामान मिला है। फोरेंसिक टीम इसकी मदद से बदमाशों के बारे में पता करने की कोशिश कर रही है।
शुक्रवार को रात करीब 8 बजे मंडल मुख्यालय बांदा शहर में पालीटेक्निक कालेज के पास कजारिया टाइल्स शोरूम के मालिक और पीडब्ल्यूडी ठेकेदार अतर्रा निवासी प्रदीप सिंह उर्फ नीलू को शोरूम से चार या छह सशस्त्र अज्ञात बदमाशों ने अगवा कर लिया था। बदमाश नीलू सिंह को उन्हीं की इनोवा कार में ही ले गए। शहर में अपहरण और डकैती की ऐसी पहली घटना से पुलिस अधिकारी भी सकते में आ गए।
एडीजी से लेकर पुलिस अधीक्षक तक अपहृत का सुराग लगाने और बदमाशों की गिरफ्तारी में रात दिन एक किए हुए हैं। करीब 48 घंटों के बाद पुलिस को पहली सफलता यह हाथ लगी कि रविवार को दोपहर पड़ोसी जनपद छतरपुर के मातगुवां थाना क्षेत्र में पारा चौकी के पास ईसा नगर रोड पर इनोवा कार लावारिस हालत में खड़ी मिली।
कार की खोज बांदा के अपर पुलिस अधीक्षक केबीके पाल के नेतृत्व में गई पुलिस टीम ने की। इसमें छतरपुर पुलिस भी मददगार बनीं। कार सड़क किनारे सुनसान जगह पर खड़ी हुई थी। तत्काल बांदा से फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई।
कार में काले रंग के स्पोर्ट्स शू मिले हैं। फोरेंसिक टीम ने कार में मिली सामग्री का बारीकी से निरीक्षण किया। फिलहाल कार को मातगुवां थाने में खड़ा करा दिया गया है। कार मिलने के बाद बांदा पुलिस के साथ मातगुवां और छतरपुर पुलिस की दो टीमें आसपास के जंगल और झाड़ियों आदि में तलाश में जुट गई हैं। जहां कार मिली वहां आसपास रहने वालों से पूछताछ कर रहे हैं। बांदा पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने बताया कि पुलिस टीमें रात दिन काम रह रही हैं। जल्द ही नतीजे सामने आएंगे।
घटना में एमपी के तार जुड़ने के आसार
बांदा। छतरपुर में कार बरामद होने के बाद कयास लगाया जा रहा है कि अपहरण और डकैती में मध्य प्रदेश के भी तार जुड़े हुए हैं। उधर, शातिर बदमाशों ने व्यापारी नीलू सिंह की आगे व पीछे दोनों की नंबर प्लेटें तोड़ दीं। ताकि बांदा से एमपी सीमा में दाखिल होने पर रास्ते के थाने या अन्य लोग नंबर न देख सकें।
बांदा व चित्रकूट से कई लोगों को उठाया
बांदा। अपहृत व्यापारी और बदमाशों के सुराग के लिए चित्रकूटधाम मंडल की पुलिस जुटी हुई है। बांदा में क्राइम ब्रांच और शहर कोतवाली पुलिस की टीमों ने बांदा, अतर्रा और चित्रकूट के भरतकूप और बेड़ी पुलिया से कई लोगों को उठाकर पूछताछ की है। उधर, शोरूम के कई कर्मचारियों को भी अपने कब्जे में रखकर पुलिस पूछताछ कर रही है। घटना स्थल के पास मवई बाईपास के आसपास दुकानदारों से भी पूछताछ की गई है।