बांदा। चंडीगढ़ मेें मजदूरी के दौरान ठेकेदार के
उपकरण चुराकर पांच लाख रुपये में बेंचने के बाद भाग निकले युवक को चंडीगढ़
पुलिस ने यहां गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे लेकर चंडीगढ़
रवाना हो गई।
अतर्रा थाना क्षेत्र के पचोखर गांव का संतोष पुत्र
हीरालाल चंडीगढ़ में एक ठेकेदार के यहां मेठ के रूप में काम करता था।
बिल्डिंग निर्माण में सामग्री और उपकरण आदि पहुंचाने की जिम्मेदारी उसी की
थी।
पिछले माह उसने अपने एक अन्य साथी के साथ बिल्डिंग निर्माण में
लगे 100 जैक पांच लाख रुपये में बेच डाले। यह रकम लेकर वह अपने गांव भाग
आया।
ठेकेदार ने चंडीगढ़ में ही उसके विरुद्ध पुलिस स्टेशन में
रिपोर्ट दर्ज कराई। शनिवार को चंडीगढ़ से एएसआई ब्रजराज सिंह के साथ आई
पुलिस टीम ने पचोखर गांव में दबिश देकर संतोष को पकड़ लिया।
जिला
अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के बाद उसे अपने साथ लेकर वापस चंडीगढ़ (पंजाब)
रवाना हो गई। उधर, संतोष का कहना था कि ठेकेदार ने उसे कई माह से पगार
नहीं दी थी।