व्यापारी के घर डाका डालने आए बदमाशों से पड़ोसी और गृहस्वामी भिड़ गए। एक बदमाश को दबोच कर उसकी रायफल छीन ली। अन्य बदमाशों ने उसे छुड़ा लिया। हालांकि बदमाश लगभग एक लाख रुपये के जेवर ले गए। मौके पर पहुुचे डीआईजी ने पड़ोसी को शाबासी के साथ पांच हजार रुपये इनाम दिया। छीनी गई रायफल पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली। एहतियात के तौर डेढ़ सेक्शन पीएसी तैनात करने के निर्देश दिए हैं।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के मुरवल गांव में बुधवार को रात सात सशस्त्र बदमाशों ने कपड़ा व्यवसायी अजय कुमार नामदेव के सूने घर में धावा बोल दिया और ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। एक बदमाश 315 बोर की रायफल लेकर बाहर खड़ा रहा। आहट पाकर पड़ोसी रामराज गुप्ता घर से बाहर निकल आया। पड़ोसियों के दरवाजाें की कुंडियां चढ़ी थीं।
रामराज ने फुर्तीलेपन से कुंडियां खोल दीं और रायफल लिए खड़े बदमाश को दबोच लिया। बदमाश की पुकार पर घर के अंदर घुसे अन्य बदमाश आ गए और रामराज को भी घर के अंदर घसीट ले जाने लगे। इसी बीच रामराज गुप्ता का युवा पुत्र धीरेंद्र और पड़ोसी अनूप सिंह आ गए और लाठी-डंडों से बदमाशों पर टूट पड़े। अचानक हुए हमले से बदमाश भाग खड़े हुए। रामराज गुप्ता ने बदमाश की रायफल छीन ली। एक कारतूस भी हाथ लगा।
इस बीच अंदर घुसे बदमाशों ने अजय कुमार के घर से बक्से मेें रखे लगभग एक लाख रुपये के जेवर ले गए। कुछ ही देर मेें मुरवल पुलिस चौकी से पुलिस जवान आ गए। बृहस्पतिवार को सुबह ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश सिंह ने घटना की सूचना डीआईजी को दी।
कुछ देर बाद डीआईजी बीआर मीना भी घटना स्थल आ गए। इसके पूर्र्व क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार (अतर्रा) और कोतवाली प्रभारी अभिमन्यु सिंह यादव ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। डीआईजी ने बदमाशों से रायफल छीनने वाले रामराज गुप्ता की पीठ थपथपाई और पांच हजार रुपये इनाम दिया। साथ ही उसे शासन से पुरस्कृत कराने के लिए सिफारिश का भरोसा दिलाया।
डीआईजी ने फिलहाल एहतियात के तौर पर मुरवल गांव मेें डेढ़ सेक्शन पीएसी तैनात करने के आदेश दिए हैं। डकैतों के खिलाफ मुकदमे के लिए अजय कुमार, रामराज गुप्ता, धीरेंद्र व अनूप सिंह ने सामूहिक हस्ताक्षरों से तहरीर दी है।