पोस्टमार्टम हाउस में मृतक दंपति के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
बबेरू थाना क्षेत्र के तरायां गांव में बुधवार सुबह कमरे में दंपति का शव मिला। पत्नी का शव फंदे से लटक रहा था तो पति का जमीन पर पड़ा था। पुलिस फौरी तौर पर इसे आत्महत्या मान रही है। एसपी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तरायां गांव निवासी राजेश (23) पुत्र रामस्वरूप व उसकी पत्नी किरन (21) की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। इनकी कोई संतान नहीं थी। मंगलवार रात खाना खाने के बाद दोनों कमरे खपरैल के मकान में ऊपर बनी अटारी पर सोने चले गए। परिवार के लोग बाहर सो रहे थे। बुधवार सुबह काफी देर तक उनके नहीं उठने पर परिवार के लोगों ने आवाज दी। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर अटारी पर चढ़े।
इस दौरान किरन का शव खपरैल में बंधी साड़ी के फंदे पर लटक रहा था और राजेश का शव उसी के नजदीक पड़ा हुआ था। सूचना पर एसडीएम सीएल सोनकर और सीओ ओमप्रकाश मयफोर्स मौके पर पहुंचे। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। राजेश की मां सुद्दी का कहना है कि घर में किसी तरह की कलह नहीं थी। उधर, किरन के बाबा अतर्रा के कुसुमा निवासी त्रिलोक ने भी ससुराल में किसी तरह की परेशान या कलह से इनकार किया।
कोतवाली प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि जांच पड़ताल में यह बात सामने आई है कि राजेश सूरत में मजदूरी करता था। बुधवार को उसे वापस जाना था। पत्नी किरन साथ चलने की जिद कर रही थी। इसी को लेकर दोनों मेें विवाद हुआ। राजेश के गले पर भी कसाव के निशान हैं। माना जा रहा है कि राजेश के फांसी लगाने पर उसकी पत्नी ने छुड़ाने की कोशिश की होगी। असफल होने पर उसने भी फांसी लगा ली।