कोतवाली में आपबीती बताते पिटे बिजली विभाग के अवर अभियंता ।
- फोटो : amarujala
बकाया वसूलने गई बिजली विभाग की टीम का भाजपा जिला संयोजक से विवाद हो गया। आरोप है कि भाजपा नेता व उनके साथियों ने विभाग के अवर अभियंता समेत दो को डंडों से पीटा। दोनों पक्षों ने कोतवाली में बयान दर्ज कराए। इसके बाद पुलिस ने बिजली कर्मियों की ओर से भाजपा नेता, उनके भाई व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने घायलों का डाक्टरी परीक्षण कराया है।
रविवार सुबह अधिशासी अभियंता (टाउन) झब्बूराम व उप खंड अधिकारी हिमांशु कुमार, अवर अभियंता आरपी सिंह व टेक्नीशियन ग्रेड-दो अभियंता रवि निरंजन समेत पांच कर्मियों ने आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज के पास चौधरी नगर में चेकिंग व बकाया वसूली अभियान चलाया। वे भाजपा जिला संयोजक संजय त्रिपाठी के घर भी वसूली करने गए। जेई ने 2 लाख 69 हजार रुपये बकाया बिल अदा करने को कहा। ऐसा न होने पर कनेक्शन काटने की चेतावनी दी। यह बात सुन भाजपा नेता टीम से भिड़ गए।
आरोप है कि उन्होंने डंडों से जेई आरपी सिंह व टीजी-2 अभियंता रवि निरंजन को पीटना शुरू कर दिया। अन्य बिजली कर्मियों ने किसी तरह उन्हें बचाया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक डीपी तिवारी को दी तहरीर में जेई ने बताया कि कनेक्शन गोविंदमाधव के नाम पर है। बकाया वसूली करने पर उनके साथ मारपीट की गई। भाजपा जिला संयोजक संजय त्रिपाठी भी पार्टी नेताओं के साथ कोतवाली पहुंचे और बिजली कर्मियों के विरुद्ध बदसलूकी का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।
पार्टी नेता के पक्ष में जिलाध्यक्ष इंद्रपाल पटेल भी जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस दोनों पक्षों में सुलह कराने की कोशिश में जुटी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक डीपी तिवारी ने बताया कि बिजली अधिकारियों की तरफ से मिली तहरीर पर चौधरी नगर निवासी संजय त्रिपाठी व भाई राकेश त्रिपाठी और दो अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज हो गई। सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के मामले में धारा 353, 323, 332, 504, 506 आईपीसी के तहत रिपोर्ट दर्ज हुई। दूसरे पक्ष की तहरीर पर अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।