बांदा/बबेरू। बाइक सवार लुटेरों ने सरेशाम व्यापारी
के मुनीम से तमंचे के बल पर दो लाख 98 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
नाकेबंदी के बाद भी पुलिस लुटेरों का सुराग नहीं लगा सकी।
उधर,
लुटेरों का सुराग लगाने के बजाए तिंदवारी व बबेरू पुलिस घंटों सीमा विवाद
में उलझी रही। देर रात तक कहीं रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई।
बांदा
शहर में स्टेशन रोड स्थित फर्म न्यू हसन ट्रेडर्स का मुनीम धीरू सिंह
(मोहनपुरवा, मटौंध) सोमवार को शाम पांच बजे बबेरू में पंकज अग्रवाल
ट्रेडर्स के यहां से 2.98 लाख रुपये लेकर बाइक पर तिंदवारी के रास्ते से
होकर बांदा लौट रहा था। तिंदवारी-बबेरू के बीच सिमौनी गडऱा पुल पर एक बाइक
में सवार तीन लुटेरों ने ओवरटेक करते हुए उसकी बाइक रोक ली।
दो
लुटेरों ने तमंचा दिखाकर रुपये से भरा बैग छीन लिया और लुटेरे भाग निकले।
घटना की सूचना मुनीम ने बबेरू कोतवाली और तिंदवारी थाने में दी।
घटनास्थल
बबेरू कोतवाली और तिंदवारी थाना क्षेत्र की सीमा पर होने से दोनों थानों
की पुलिस घंटों सीमा विवाद में उलझी रही। तिंदवारी थानाध्यक्ष अजय कुमार
सिंह का कहना था कि लूट की घटना तो हुई है, लेकिन उनके क्षेत्र में नहीं
बल्कि बबेरू कोतवाली क्षेत्र की है।
उधर, बबेरू कोतवाली प्रभारी
अभिमन्यु सिंह ने बताया कि लूट की घटना तिंदवारी थाना क्षेत्र में हुई है।
कहा कि तिंदवारी थाना पुलिस और वह खुद लुटेरों की तलाश में नाकेबंदी कर रहे
हैं। सिमौनी, काजीटोला और बेंदाघाट चौकी पुलिस को भी लुटेरों की तलाश में
लगाया गया है। सीमा विवाद के चलते देर रात तक लूट की रिपोर्ट दर्ज नहीं
हुई।