बांदा। सड़क दुर्घटना में प्राइवेट बिजली इंजीनियर की मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा अन्य हादसों में दो घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोई भी बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
मुजफ्फरनगर निवासी नितिन सिंह (26) ओमपाल यहां राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत प्राइवेट कंपनी में बिलिंग इंजीनियर था। शनिवार की रात वह कंपनी के सुपरवाइजर रविशंकर (28) पुत्र नाथूराम (कारी, टीकमगढ़) के साथ बाइक पर कालू कुआं स्थित गोदाम से आ रहा था।
पेट्रोल पंप के पास मवेशी से टकराकर बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत में नितिन सिंह को कानपुर रिफर कर दिया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद मुजफ्फरनगर से आए परिजनों को शव सौंप दिया गया।
एक अन्य घटना में देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर गांव निवासी तेजराम (11) पुत्र रामनरेश रविवार को दोपहर मवेशीबाड़े से घर जाते समय राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार की टक्कर से घायल हो गया। उधर, शहर के बंगालीपुरा निवासी उमेश कुमार (48) पुत्र गंगाराम रविवार को सुबह निर्माणाधीन मकान में काम करते समय गिरकर घायल हो गया।