अपनी हनक और वर्चस्व को लेकर शहर के मध्य छावनी
मोहल्ले में बुधवार की देर रात दो गुट आमने-सामने आ गए। फायरिंग में दो लोग
घायल हो गए। पथराव में लगभग एक दर्जन लोग जख्मी हुए।
इनमें वहां
से गुजर रही एक बारात के कुछ बेकुसूर बाराती भी शामिल हैं। पूरे इलाके में
कुछ देर के लिए दशहत फैल गई। भारी संख्या में पुलिस पहुंच गई और दोनों
पक्षों के पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य की तलाश की जा रही है। देर
रात तक घटना स्थल पुलिस छावनी बना रहा।
छावनी मोहल्ले में अपनी
रंगदारी और हनक को लेकर दो गुटों में काफी दिनों से तनातनी चली आ रही है।
बुधवार को रात करीब 10 बजे यह आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर
पथराव शुरू हो गया।
सड़क से गुजर रहे राहगीरों में भगदड़ मच गई।
इसी बीच वहां से गुजर रही एक बारात के कई बाराती भी पथराव में घायल हो गए।
पथराव के दौरान ही किसी पक्ष से तमंचे से फायरिंग भी की गई। छर्रे लगने से
बाबे (30) पुत्र तमन्ना सरमदी और उसका साथी नरेंद्र श्रीवास (32) लहूलुहान
हो गए।
कुछ घायल युवक मौके से भाग निकले। उनकी पुलिस तलाश कर रही
है। उधर, सूचना मिलते ही एसपी राकेश शंकर, अपर एसपी आशुतोष शुक्ल,
क्षेत्राधिकारी विनोद सिंह और कोतवाली प्रभारी हरिशंकर राय भारी पुलिस
फोर्स के साथ मौके पर पहुंच आ गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
देर
रात तक छावनी मोहल्ला पुलिस छावनी में तब्दील रहा। उधर, पुलिस अधीक्षक का
कहना था कि सिर्फ पथराव हुआ है फायरिंग नहीं। उधर, कोतवाली प्रभारी ने
बताया कि दोनों पक्षों के बाबे सरमदी, नरेंद्र बुंदेला, शरीफ, राज खान और
नासिर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पथराव में शामिल अज्ञात दर्जन भर
आरोपियों की तलाश की जा रही है।