शराब पिलाने के बाद साथियों ने मारपीट कर युवक को मरणासन्न कर दिया। उसे नाले में फेंकने के बाद भाग निकले। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई।
शहर के मनोहरीगंज (खटिक मोहाल) निवासी विक्रम (40) पुत्र माधव अहिरवार बुधवार शाम घर से निकला था। रात करीब 8 बजे खुटला मोहल्ले के कुछ लोगों ने शराब ठेके के पास बगिया नाले में बेहोशी हालत में पड़े होने की खबर घर वालों को दी।
भाई इंद्रवीर व मां शीला ने कोतवाली में सूचना दी। पुलिस ने उसे राहगीरों की मदद से नाले से बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। मां ने आरोप लगाया कि खुटला मोहल्ले के युवकों ने शराब पिलाने के बाद उसकी मारपीट कर हत्या कर दी।
उसके सिर और हाथ पर गंभीर चोटें थीं। सूत्रों के मुताबिक मुताबिक पोस्टमार्टम में युवक की मौत पिटाई से होने की पुष्टि हुई है। उधर, कोतवाली प्रभारी केपी सिंह का कहना है कि भाई इंद्रवीर की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 304 (आईपीसी) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साथ रहे युवकों की तलाश की जा रही है। मृतक अविवाहित और चार भाइयों में सबसे बड़ा था।