बदौसा में चाची के साथ उसके घर जा रही आठवीं कक्षा की बालिका को युवक ओरछा मंदिर घुमाने का झांसा देकर ले उड़ा। दो दिनों तक अपने कब्जे में रखने के बाद मंगलवार को देर शाम चलती बस से फतेहगंज थानाक्षेत्र में बालिका को उतार कर फरार हो गया।
भवानीपुर (चित्रकूट) निवासी बालिका शनिवार को अपनी चाची के साथ ट्रेन से कर्वी से कबरई जा रही थी। बालिका के मुताबिक ट्रेन में उसे अज्ञात युवक मिल गया और ओरछा मंदिर का झांसा लेकर चाची की आंख बचाकर ले उड़ा। उसे ग्वालियर भी ले गया। इस बीच लड़की के परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी।
मंगलवार को युवक बालिका को लेकर उसके घर छोड़ने की बात कहकर रोडवेज बस से आ रहा था। बदौसा थाना क्षेत्र के फतेहगंज तिराहे पर बालिका को जबरन नीचे उतार दिया और खुद उसी बस में फरार हो गया। इस बीच भनक पाकर वहां पहले से मौजूद बालिका की मां और परिजनों ने कार से बस का पीछा किया।
बदौसा कस्बे में थाने के पास ओवरटेक करके बस रुकवा ली लेकिन भनक पाकर युवक चलती बस से ही उतर कर बदौसा
कस्बे में कहीं गुम हो गया। बालिका का कहना था कि वह उस युवक को नहीं जानती।