बांदा। रेलवे स्टेशन परिसर में सोमवार को देर शाम दो पक्षों में जमकर घमासान हुई। बेल्ट, लातघूंसे चले। स्टेशन के दो किशोर उम्र वेंडर घायल हो गए। एक वेंडर ने 5000 रुपये लूट ले जाने का भी आरोप लगाया है। पुलिस के आने से पहले दबंग हमलावर फरार हो गए। घायलों को रेलवे पुलिस ने कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है।
शाम करीब साढ़े 7 बजे रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-दो परिसर में रेलवे अस्पताल के नजदीक प्लेटफार्म में चाय-पानी बेचने वाले वेंडर बंगालीपुरा निवासी भूरा (16) पुत्र गनेशा वर्मा और नीलू वर्मा (17) पुत्र प्रेमचंद्र वर्मा पर लगभग दो दर्जन युवकों ने हमला कर दिया। बेल्ट, लात-घूंसा से जमकर पीटा।
वेंडरों के मुताबिक उनका कुसूर सिर्फ इतना था कि वह परिसर में बाउंड्री के पास लघुशंका को गए थे। इसी बीच वहां कुछ युवकों ने उन्हें पकड़ लिया। फोन करके अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में 20-25 युवक इकट्ठा हो गए और उन्हें पीटना शुरू कर दिया। दोनों लहूलुहान हो गए। घायल वेंडर भूरा ने बताया कि उसकी जेब से पांच हजार रुपये भी छीन लिए। वह पिता के इलाज के लिए लिए था।
इसी बीच सूचना पर जीआरपी प्रभारी पीएल प्रजापति फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन हमलावर भाग निकले। घटनास्थल शहर कोतवाली का बताकर जीआरपी ने दोनों घायलों को कोतवाली भेज दिया। जीआरपी प्रभारी ने बताया कि फौरी जांच में पता चला है कि वेंडरों से मारपीट करने वाले नजदीक स्थित किसी शिक्षण संस्थान के हैं। कोतवाली पुलिस जांच करेगी।