बांदा। युवा मजदूर की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। प्रथम दृष्टया घटना आत्महत्या की मानी जा रही है। जबलपुर-लखनऊ चित्रकूट एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर खुदकुशी की है। आत्महत्या की वजह पता नहीं चल पाई।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मवई गांव का राजकरन (35) पुत्र मोतीलाल अपनी ससुराल मेें स्योढ़ा गांव (गिरवां थाना) में रहता था। शुक्रवार को शाम वह पत्नी के साथ खत्रीपहाड़ स्थित देवी मंदिर गया और हरछठ पूजा की सामग्री खरीदवाई। इसके बाद उसने पत्नी को गांव वापस भेज दिया और खुद काम पर जाने की बात कहकर बांदा आ गया।
शनिवार को सुबह यहां रेलवे स्टेशन से चंद कदम दूर माल गोदाम के पास उसका शव रेलवे पटरी पर पड़ा मिला। जीआरपी ने उसकी जेब में पड़ी डायरी पर लिखे फोन नंबरों से संपर्क कर परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर बाद घर के लोग आ गए और शिनाख्त की।
जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बड़े भाई राजकुमार के मुताबिक राजकरन करीब पांच साल से अपनी ससुराल में रह रहा था। उसने आत्महत्या क्योें की? यह नहीं पता चला। उधर, यह भी पता चला है कि ससुराल वालों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी तनाव में उसने ट्रेन से कटकर जान दे दी।