बांदा। कमासिन थाना क्षेत्र के इटर्रा बुढ़ौली गांव में युवती और उसके प्रेमी के दोहरे हत्याकांड में पुलिस दूसरे दिन भी हत्यारों का सुराग लगा पाने में नाकाम रही। अलबत्ता पुलिस अधीक्षक का कहना है कि कुछ संकेत मिले हैं। उन पर काम किया जा रहा है। उम्मीद जताई कि जल्द ही हत्याभियुक्त गिरफ्त में होंगे। क्राइम ब्रांच समेत पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। सूत्रों के मुताबिक आधा दर्जन युवकों से पूछताछ की जा रही है।
सुनीता यादव (32) और उसके कथित प्रेमी रामऔतार प्रजापति (22) (पिपरोदर, चित्रकूट) की अज्ञात लोगों ने मंगलवार की रात सुनीता के घर पर गला रेतकर हत्या कर दी थी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कुछ बर्तनों व सामानों से फिंगर प्रिंट हासिल किए। चित्रकूट से डाग स्क्वॉड बुलाया गया। फिलहाल हत्यारों के संबंध में पुलिस को कोई सुराग हासिल नहीं हुआ।
अपर पुलिस अधीक्षक एलबीके पाल ने बताया कि क्राइम ब्रांच और बबेरू व कमासिन थाना निरीक्षकों सहित पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। मृतकों के खानदानियों से गहन पूछताछ की गई है। प्रथमदृष्टया जांच में ऑनरकिलिंग का मामला सामने नहीं आया। उधर, सूत्रों के मुताबिक छह युवकों को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इनमें तीन मृतक युवक के साथी बताए जा रहे हैं। पुलिस का भी मानना है कि हत्यारोपी मृतक युवक से जुड़े हो सकते हैं।
दोहरी हत्याओं ने पकड़ी रफ्तार, पुलिस लाचार
जिले में दोहरी हत्याओं की घटनाएं तेजी पकड़ रही हैं। एक पखवारे में ऐसी दो घटनाओं से जिले की कानून व्यवस्था पर भी उंगली उठना स्वाभाविक है। हाल ही में 8 फरवरी को बिसंडा थाना क्षेत्र के चुहका पुरवा में राममूरत ने कुल्हाड़ी से अपने चार वर्षीय पुत्र और 25 वर्षीय पत्नी मीरा उर्फ उर्मिला की हत्या कर दी। पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई थी और गंभीर रूप से घायल उर्मिला ने बुधवार की शाम (20 फरवरी) को जिला अस्पताल में दम तोड़ा।
हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अभी यह घटना ताजी ही थी कि कमासिन के इटर्रा बढ़ौली गांव में दोहरी हत्या हो गई। सुनीता देवी और उसके प्रेमी रामऔतार की गला रेत दिया गया। उधर, 14 फरवरी को 8 बीघा जमीन के लिए देवराज ने पुत्रों के साथ मिलकर अपने वृद्ध पिता धनपत की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी थी।
इसी तरह लगभग डेढ़ माह पूर्व नरैनी कोतवाली के करतल चौकी क्षेत्र अंतर्गत पुत्र ने जमीन के लिए पिता की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।