अमर उजाला ब्यूरो
नरैनी (बांदा)। ससुराल में घायल युवती की कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। पिता ने पुलिस को दी तहरीर में पति समेत ससुरालीजनंों पर दहेज के लिए पीटकर मार डालने का आरोप लगाया है। कहा कि मृत्यु से पूर्व पुत्री ने आपबीती बताई थी।
घटना कोतवाली क्षेत्र के लहुरेटा गांव की है। मंगलवार को शबनम (25) पत्नी शमशाद ससुराल में पति की पिटाई से घायल हो गई थी। उसके अंदरूनी चोटें थीं। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से उसे 12 सितंबर को कानपुर रेफर कर दिया था। वहां इलाज हो रहा था। शनिवार रात मौत हो गई। रविवार को शबनम के पिता शरीफ (रंजीतपुर) ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि बेटी की शादी चार साल पूर्व हुई थी। दहेज के लिए ससुराल में उसे प्रताड़ित किया जाता था। आरोप लगाया कि पति, सास-ससुर व ननद की पिटाई से उसकी मौत हुई। यह भी बताया कि इलाज के दौरान शबनम ने उससे आपबीती बताई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। कोतवाली पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
-पिता ने ससुरालीजनों के खिलाफ दी हत्या की तहरीर