घूरी (बिसंडा) गांव के नाले में मिले युवक के शव की
शिनाख्त हो गई। परिजनों के मुताबिक रुपये के लालच में दोस्त ने ही झांसा
देकर सहयोगी के साथ उसकी हत्या कर दी। मृतक के भाई ने थाने में रिपोर्ट
दर्ज कराई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। आरोपी
परिवार समेत फरार है।
मंगलवार को सुबह बिंसडा थाना क्षेत्र के घूरी
गांव के तिगुनिया नाले के पास लगभग 20 वर्षीय युवक का शव मिला था। उसके
शरीर पर चाकू के गहरे जख्म और हाथ-पैर बंधे थे। थाने में मृतक की फोटो और
कपड़े आदि पहचान कर परिजनों ने उसकी शिनाख्त की।
मृतक गुड्डू
कुशवाहा पुत्र भगीरथ गिरवां थाना क्षेत्र के दुबरी गांव का रहने वाला था।
मृतक के भाई ने थाने में दी तहरीर में कहा कि गांव का विनोद अपने एक सहयोगी
के साथ उसे बाइक पर अपने ननिहाल लौली (बिसंडा) जाने को कहकर ले गया। रात
में पास के एक पुरवा में खाना-पीना हुआ।
इसी के बाद गुड्डू से 32
हजार रुपये छीन कर दोनों ने उसकी हत्या कर दी और शव नाले में फेंक दिया।
थानाध्यक्ष आरपी यादव ने बताया कि विनोद कुशवाहा समेत एक अज्ञात पर हत्या
की रिपोर्ट दर्ज की गई है।