बांदा। कोतवाली क्षेत्र के लहुरेटा गांव में केन नदी बालू खदान में बीती रात ट्रक मालिक और ग्रामीणों तथा बालू खदान कर्मी भिड़ गए। जमकर लाठी-डंडे और चाकू चले। खदान का मुनीम और एक अन्य कर्मचारी लहूलुहान हो गया। उसे पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया है। पिता-पुत्र को नामजद करते हुए एक दर्जन लोगों के विरुद्ध संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार कर लिए गए हैं।
शुक्रवार को आधी रात खदान में ट्रकों को लोड करने का काम चल रहा था। इसी बीच ट्रक लोड करने की बारी (नंबर) को लेकर ट्रक चालक और खदान मुनीम के बीच विवाद हो गया। नाराज ट्रक मालिक और उसके पुत्र तथा गांव के कई ग्रामीणों ने मुनीम और एक अन्य खदान कर्मी को लाठी-डंडे और चाकू से घायल कर दिया।
तड़के करीब दो बजे पहुंची नरैनी कोतवाली पुलिस ने घायल मुनीम प्रभजोत सिंह पुत्र प्रदीप इंद्र निवासी रायसेन नगर (राजस्थान) और खदान कर्मी सुखराज पुत्र दलजिंद सिंह निवासी फतेहपुर रेहण (बिजनौर) को अपनी जीप से सीएचसी पहुंचाया।
मुनीम की तहरीर पर ट्रक मालिक रंजीतपुर (लहुरेटा) गांव निवासी मइयुद्दीन पुत्र मंजूर और उसके पुत्र फिरोज खां तथा एक दर्जन अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ धारा 147, 148, 307, 323, 336, 427, 504 और 506 आईपीसी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी रवींद्र तिवारी ने बताया कि आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।