अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। अलग-अलग स्थानों पर एक ही रात चोरी की घटनाओं में 67 हजार रुपये और दो लाख रुपये के जेवर व अन्य माल चोरी हो गए। घटनाएं बांदा शहर, तिंदवारी और गिरवां थाना क्षेत्रों में हुईं। फिलहाल पुलिस जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कह रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गोंडी बाबा गांव में आदर्श बजरंग इंटर कालेज के कर्मचारी तुलाराम रैकवार के सूने घर में सोमवार की सुबह चोर दीवार फांदकर घर में दाखिल हो गए और कमरों का ताला तोड़कर अटैची मे रखे 7 हजार रुपये और सवा लाख रुपये के जेवर चुरा ले गए।
कालवनगंज चौकी प्रभारी मोहनलाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
तिंदवारी प्रतिनिधि के मुताबिक थाना क्षेत्र के पिपरगवां गांव में रविवार की रात चोरों ने मदन गोपाल सविता के घर के पिछवाड़े सीढ़ी लगाकर दाखिल हुए और कमरे का ताला काट कर बक्से में रखे 40 हजार रुपये और इतनी ही कीमत के जेवरात व कपड़े उठा ले गए।
सोमवार को मदन गोपाल के पिता की तेरहवीं होनी थी। बिजली का तार टूट जाने से पूरे गांव में अंधेरा था। चोरों ने पड़ोस के छोटेलाल के घर ताला तोड़ा, लेकिन घर वालों को आहट मिल जाने से भाग गए।
तीसरी चोरी रामजस प्रजापति की परचून की दुकान में कुंडी काट कर की गई। यहां सिगरेट और गुटखा आदि उठा ले गए। उधर, तिंदवारी थाना इंस्पेक्टर का कहना है कि तेरहवीं के घर में मेहमानों की भीड़ के बावजूद चोरी संदिग्ध प्रतीत होती है।
फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। यूपी-100 और थाने के सब इंस्पेक्टर ने मौके की जांच की है।
बड़ोखर प्रतिनिधि के मुताबिक अवध बिहारी कुशवाहा की किराने की दुकान में ताला तोड़कर चोर 20 हजार रुपये नगद और 50 हजार रुपये कीमत का सामान ले उड़े। सुबह पता चलने पर दुकान मालिक सदमे में बेहोश हो गया।
एक ही रात पांच स्थानों पर चोरी
67 हजार रुपये और दो लाख का माल पार
बांदा शहर में सुबह सूने घर में हुई चोरी
तिंदवारी में तीन और बड़ोखर में एक घटना