बांदा। जनपद में बालू खदानों में गोलीबारी और मारपीट की बढ़ती घटनाओं के बीच बुधवार को शाम सीमावर्ती मध्य प्रदेश के लहुरेटा गांव की खदान के पास मध्य प्रदेश के ग्रामीणों से विवाद हो गया। दोनों ओर से जुटे पक्षों के बीच मारपीट हुई। फायरिंग से स्थानीय ट्रैक्टर चालक घायल हो गया। उत्तेजित स्थानीय ग्रामीणों ने मध्य प्रदेश के हमलावरों में से एक व्यक्ति की राइफल छीन ली। उसे पुलिस को सौंप दिया है। नरैनी पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
बुधवार को शाम करीब 6 बजे लहुरेटा गांव का दिनेश ट्रैक्टर पर नदी के उस पार से पेड़ की हरी झाडिय़ां लादकर खदान आ रहा था। यह झाडिय़ां खदान में बालू ट्रकों का रास्ता बनाने के लिए इस्तेमाल होती हैं। इसी बीच वहां मौजूद मध्य प्रदेश के अजीतपुर (छतरपुर) गांव निवासी युवक ने ट्रैक्टर रोककर झाडिय़ां ले जाने से मना कर दिया। इस पर दोनों में विवाद हो गया। कुछ ही देर में मध्य प्रदेश के कई लोग मौके पर आ गए।
इधर, ट्रैक्टर चालक ने भी अपने ट्रैक्टर मालिक लहुरेटा के नूर मोहम्मद को फोन पर सूचना दे दी। लहुरेटा से भी कई लोग इकट्ठा होकर मौके पर पहुंच गए। दोनों में मारपीट हो गई। इसी बीच मध्य प्रदेश के पक्ष से चलाई गई गोली से नूर मोहम्मद घायल हो गया।
खफा लहुरेटा के लोगों ने मध्य प्रदेश के एक व्यक्ति से उसकी राइफल छीन ली। कुछ ही देर बाद कोतवाली उप निरीक्षक वीके मिश्रा फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और राइफल को अपने कब्जे में ले लिया। देर रात तक ग्रामीणों के बयान और जांच की कार्रवाई पुलिस द्वारा जारी थी।
गौरतलब है कि सोमवार को जनपद के तिंदवारी थाना क्षेत्र के अमलीकौर गांव में भी बालू खदान को लेकर दो गुटों में फायरिंग हुई थी। इसमें कई लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज हुई है। उधर, तिंदवारी प्रतिनिधि के मुताबिक अमलीकौर फायरिंग मामले में पुलिस ने आरोपी दशरथ सिंह पुत्र सूर्यपाल सिंह सहित अज्ञात ट्रैक्टर चालकों व उनके मालिकों के खिलाफ कई धाराओं की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।