बांदा। साली के इलाज को जेवर रेहन रखकर मिले पैसे लेकर जा रहे मजदूर को बदमाशों ने तमंचा दिखाकर लूट लिया। उसका मोबाइल फोन भी ले गए। पुलिस को तहरीर का इंतजार है।
अतर्रा ग्रामीण के मजरा झंडू का पुरवा के रहने वाले बाबूलाल वर्मा पुत्र बौरा ने अपनी साली के इलाज के लिए ससुर को पैसा देने के लिए शुक्रवार को नरैनी रोड स्थित एक सराफा व्यवसायी के यहां अपने जेवर 10 हजार रुपये में गिरवी रख दिए। वह 10 हजार और पहले की पूंजी के 5 हजार रुपये मिलाकर 15 हजार रुपये लेकर शुक्रवार को शाम वह वापस घर लौट रहा था।
बांदा रोड पर गुमाई गांव के माइनर के पास दो लोगों ने पीछे से आकर उसे तमंचा व चाकू अड़ा दिए और जेब में रखे 15 हजार रुपये लूट लिए। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। बदहवास हालत में बाबूलाल घर पहुंचा और रात में ही अपनी पत्नी व पिता के साथ थाने आकर जानकारी दी।
बाबूलाल के मुताबिक शनिवार को दिन में तहरीर भी दी है। पुलिस ने उसे दिनभर थाने में बैठाए रखा। उधर, थाना इंसपेक्टर नीरज कुमार सिंह ने ऐसी कोई तहरीर मिलने से इनकार किया है। कहा कि तहरीर मिलते ही जांच कर कार्रवाई की जाएगी।