बांदा। यूपी-100 वाहन की टक्कर से चित्रकूट जा रहे श्रद्धालुओं से भरा ऑटो पलट गया। उस पर सवार दंपति समेत 7 श्रद्धालु घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल पांच श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल लाया गया। यहां से एक को मेडिकल कालेज और एक को कानपुर रेफर कर दिया गया। उधर, अन्ना मवेशी से टकराकर एक ही बाइक पर सवार तीन लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के खोरा गांव निवासी रामकृपाल (62), उनकी पत्नी आनंदरानी (49), लालबाबू (21) पुत्र गुलाब, दया प्रसाद (32) पुत्र श्यामजी समेत सात श्रद्धालु शुक्रवार की रात गांव से ऑटो से चित्रकूट जा रहे थे। अतर्रा थाना क्षेत्र के तुर्रा गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार यूपी-100 पुलिस वाहन की टक्कर से ऑटो पलट गया, जिससे ये लोग घायल हो गए।
ऑटो चालक सुनील (19) पुत्र सोनेलाल को भी गंभीर चोटें आईं। पुलिस कर्मियों ने सभी को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने दया प्रसाद को बांदा मेडिकल कालेज और लालबाबू को कानपुर रेफर कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
उधर, सड़क हादसे की दूसरी घटना में शुक्रवार को देर शाम बाइक पर पैलानी थाना क्षेत्र के चंदवारा गांव से पड़ोसी गांव मड़ौली जाते समय काना खेड़ा गांव के पास बाइक अन्ना मवेशी से टकरा गई। बाइक चला रहा संतराम (25) पुत्र भूरा वर्मा और साथ में बैठी मीरा (40) पत्नी पूरन व ललिता (26) पत्नी राजकुमार घायल हो गईं। तीनों चंदवारा गांव के रहने वाले हैं। एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
उधर, दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में बदौसा थाना क्षेत्र के लमेहटा गांव का सम्राट (19) पुत्र विष्णु पाल नरी गांव के पास घायल हो गए। दूसरी बाइक सवार को चोटें नहीं आई। सभी घटनाओं में बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
उधर, गिरवां थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर गांव के पास शुक्रवार को शाम गिरवां से बांदा आते समय कार खड़े ट्रक से टकरा गई। कार चालक राजेश (30) पुत्र मूलचंद्र निवासी पल्हरी (बिसंडा) घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।