अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। दिनदहाड़े घर में घुसकर दो बदमाशों ने महिला को बंधक बनाकर सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। मारपीट भी की। जान से मारने की धमकी देकर छत के रास्ते से फरार हो गए। गृहस्वामी ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
घटना बुधवार को सुबह करीब 8.15 बजे शहर के शंभू नगर की है। दिनेश कुमार पुत्र इंद्राज मांझी यहां अरविंद सिंह के मकान में किराए से रहता है। वह सुबह मजदूरी करने चला गया था। घर में उसकी पत्नी दीपा देवी दो वर्षीय मासूम के साथ थी। तभी पीछे के रास्ते से दो नकाबपोश बदमाश घर के अंदर घुस आए और दीपा को मारपीट कर बंधक बना लिया।
सोने की झुमकी, कील और चांदी की पायल व बिछिया उतार ली। बक्से में रखे चार हजार रुपये निकाल लिए। शोर मचाने पर उसे और पति को गोली मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। घटना से सहमी दीपा ने मोबाइल पर पति दिनेश को जानकारी दी। मकान मालिक अरविंद सिंह भी आ गए और उन्होंने यूपी-100 को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर आकर पूछताछ की, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा। दिनेश मांझी ने लुटेरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दी है। हालांकि कोतवाली प्रभारी निरीक्षक घटना को संदिग्ध बता रहे हैं। उनका कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े शंभू नगर में हुई घटना
छत के रास्ते से घुसे थे नकाबपोश