बड़ोखर बुजुर्ग। मंदिर परिसर में आधी रात को अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुजारी ने प्रधान पति व सपा नेता समेत छह लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस किसी भी नामजद आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
गिरवां थाना क्षेत्र के मनीपुर गांव में गुरुवार की रात करीब 12 बजे गांव का हनुमान मंदिर आश्रम गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। मंदिर के अंदर सो रहे पुजारी और आसपास रहने वाले ग्रामीण दहशत में दुबके रहे। मंदिर पुजारी रामसुहावन दास की सूचना पर यूपी-100 और गिरवां थाना पुलिस तत्काल मौके पर आ गई।
पुलिस के पहुंचने पर फायरिंग कर रहे लोग भाग निकले। पुजारी ने पुलिस को बताया कि करीब 12 राउंड फायरिंग की गई है। गोली चलाने वाले गालियां भी दे रहे थे। मंदिर के पुजारी की तहरीर पर प्रधान पति लालमन पुत्र कमतू, सपा नेता मुन्नीलाल पुत्र श्याम, मान सिंह पुत्र रामकिशोर, बच्चा पुत्र शिवकरन, कमल पुत्र सरजू और कुसुवा पुत्र रामरतन के विरुद्ध गिरवां थाने में धारा 147, 148, 149, 286, 504 और 506 आईपीसी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष विवेक प्रताप सिंह ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
-आधी रात को हनुमान मंदिर में बरसाईं गोलियां
-मंदिर पुजारी की तहरीर पर दर्ज हुआ केस
-नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं
अमर उजाला ब्यूरो