बांदा। दो बीघा जमीन के लिए चाची और भतीजे का रिश्ता दुश्मनी में बदल गया। दोनों के बीच मारपीट हुई। चाची ने भतीजे पर बदसलूकी और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। उधर, भतीजे को चोट आई है। उसे पुलिस ने हिरासत में लिया है।
घटना कोतवाली क्षेत्र के खरौंच गांव की है। शनिवार की रात यहां रानी देवी (55) का जमीनी बंटवारे को लेकर अपने भतीजे अरविंद कुमार द्विवेदी (25) से विवाद हो गया। दोनों में जमकर मारपीट हुई। खासा हंगामा हुआ। अरविंद के पैर में गंभीर चोट आई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले आई।
कोतवाली प्रभारी रामेंद्र तिवारी का कहना है कि झगड़े के दौरान अरविंद कुल्हाड़ी लिए था। उसी से उसको चोट आई। उधर, चाची ने कोतवाली में तहरीर देकर भतीजे पर मारपीट, बदसलूकी, कपड़े फाड़ने आदि के आरोप लगाए हैं। कोतवाली के उप निरीक्षक सत्यदेव गौतम ने बताया कि दोनों के बीच धक्कामुक्की हुई है। मारपीट नहीं। जांच की जा रही है।