धार्मिक कार्यक्रम के दौरान गांव के कुछ अराजकतत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। बिजली गुल कर महिलाओं के साथ बदसुलूकी की। बाइकें नहर में फेंक दीं। इससे खफा गांव के आधा सैकड़ा लोगों ने एसडीएम और कोतवाली पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के कबौली गांव में सोमवार की रात रजा-ए-नूर कमेटी ने हर साल की तरह इस बार भी शहीद बाबा की दरगाह में उर्स का आयोजन किया था।
तड़के लगभग तीन बजे गांव के आधा दर्जन युवक आए और महिला पंडाल की तरफ जाने लगे। उन्हें रोका तो युवक आपा खो बैठे और अभद्रता शुरू कर दी।
बिजली तार खींचकर कार्यक्रम स्थल की लाइट गुल कर दी। जबरन पंडाल में घुस गए और महिलाओं के साथ बदसुलूकी की। आयोजकों से धक्का-मुक्की की।
कार्यक्रम स्थल में खड़ीं कई बाइकें बगल से बह रही नहर में फेंक दी। कार्यक्रम में मौजूद गांव के अजमेरी खां, इसराइल, अहमद रजा, कासिम, अब्दुल गफ्फार, सरफराज आदि ने बताया कि समझाने पर भी अराजकतत्व कुछ भी मानने को तैयार नहीं थे।
हंगामें के बाद सभी भाग गए। आयोजकों और समर्थकों ने एसडीएम से कहा कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामेंद्र तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।