बांदा। 10वीं की छात्रा का शव घर में फंदे पर टंगा मिला। परिजनों ने पड़ोसी चार दबंग युवकों पर गैंगरेप के बाद हत्या कर फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मां से हुए झगड़े के बाद किशोरी ने आत्महत्या की है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतका के परिजनों की तहरीर का इंतजार है। दुष्कर्म की जांच के लिए मृतका की स्लाइड बनाकर लैब भेजी गई है।
घटना पैलानी थानांतर्गत खप्टिहा कलां चौकी क्षेत्र के एक गांव की है। सोमवार को शाम 15 वर्षीय किशोरी का शव घर के ऊपरी कमरे में खपरैल पर दुपट्टे से लटका मिला। पड़ोस गई मां वापस आई तो शव लटका देखा। मां ने पड़ोस में रह रहे खानदानियों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को यहां पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के पिता और दादा ने मीडिया को बताया कि पड़ोस के चार युवक घर में आ धमके। इनमें तीन के पास असलहे थे। बकौल पिता और दादा, घर में मौजूद सात वर्षीय बहन ने बताया कि दबंग युवक किशोरी को मुंह दाबकर ऊपरी मंजिल में ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। गला घोंटकर हत्या के बाद शव टांग दिया। मृतका का पिता फरीदाबाद (दिल्ली) में मजदूरी करता है। घटना के समय फरीदाबाद में था। मंगलवार को वह यहां आ गया।
पिता और दादा ने कहा कि पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार के बाद वह पुलिस को इस पूरी घटना की तहरीर देंगे।
उधर, मंगलवार को देर शाम पैलानी थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि मृतका के दादा और मां ने फिलहाल दुपट्टे से फांसी लगाकर मौत की सूचना दी है। तहरीर नहीं मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया हटै। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधकार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम में स्लाइड बनाई गई है कि दुष्कर्म के आरोप की असलियत बता चल सके। उधर, खप्टिहा कलां चौकी इंचार्ज राजनारायण नायक ने बताया कि वह मौके पर गए थे। प्रथम दृष्टया मिली सूचनाओं के मुताबिक, मां की डांट से क्षुब्ध होकर किशोरी ने फांसी लगाई है।
मृतक किशोरी के दादा ने बताया कि दो दिन पूर्व आरोपी दबंग का साला गांव में शराब के नशे में उनसे अभद्रता कर रहा था। इस पर उसने साले को थप्पड़ जड़ दिया। इसी खुन्नस में दबंगों ने धावा बोलकर पहले उसे (दादा को) घर के बगल में स्थित बाड़े में घुसकर पीटा फिर उसकी भतीजी (मृतका) के घर में धावा बोलकर दुष्कर्म और हत्या की वारदात अंजाम दी। ब्यूरो
-परिजनों ने पड़ोसियों पर लगाया दुष्कर्म और हत्या का आरोप
-फौरीतौर पर पुलिस बता रही आत्महत्या का मामला
अमर उजाला ब्यूरो