विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष की अनिवासी पुत्रवधू के पर्स से सोने का हार पार होने के चंद घंटे बाद ट्रेन से फिर एक महिला के पर्स से लाखों रुपये के जेवर चोरी होने पर जीआरपी की नींद टूटी। आनन-फानन छापा मारकर थाने की नाकतले महीनों से डेरा डाले घुमंतुओं के कुनबे को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी के जेवर और कैश आदि बरामद किया। बरामद जेवरों की कीमत लगभग 14 लाख रुपये बताई गई है। पकड़े गए कुनबे में छह महिलाएं भी हैं।
कई महीनों से रेलवे स्टेशन, ट्रेन और रोडवेज बस अड्डा क्षेत्रों में महिलाओं के पर्स से जेवर चोरी होने की लगातार घटनाएं हो रही थीं। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जीआरपी छानबीन के बाद खामोश हो जाती रही। शनिवार को रेलवे स्टेशन के नजदीक रोडवेज बस अड्डे में दुबई से आई एनआरआई महिला व बांदा विहिप जिलाध्यक्ष की पुत्रवधू के पर्स से सोने का हार चोरी हो गया। अगले ही दिन रविवार को सुबह रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से मीडियाकर्मी की बहन के पर्स से जेवर चोरी हो गए।
इसके बाद जीआरपी ने कानपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में एक महिला के पर्स की चेन खोलते समय एक महिला को पकड़ लिया। उसने अपना नाम अलका पत्नी रोहित बताया। यह घुमंतू बिरादरी की है। पूछताछ में बताया कि उसकी बिरादरी का डेरा रेलवे सामुदायिक भवन के पीछे है। जीआरपी जवानों ने घेराबंदी कर डेरे में छापा मारकर पूरे जत्थे को पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर डेरे में ही जमीन में गाड़े सोने-चांदी के जेवर और नगदी बरामद की। सभी को पुलिस जीआरपी थाने ले आई।
जीआरपी थानाध्यक्ष पीएल प्रजापति के मुताबिक गिरोह के पास से चोरी किए गए दो सोने के हार, दो मनचली, एक चेन, चार जोड़ी झुमका व टॉप्स, दो मंगलसूत्र तथा और सोने की अंगुठियां तथा चांदी की करधनी, हाफ पेटी, चार जोड़ी पायल, 10 जोड़ चांदी की पायलें व पांच कीमती मोबाइल फोन तथा 1160 रुपये बरामद हुए। थानाध्यक्ष के मुताबिक पकड़ा गया गिरोह मूल रूप से रायबरेली जिले के बछरावां कोतवाली क्षेत्र के राजनगर का रहने वाला है।
इनमें जिगर पुत्र गोविंद, उसकी पत्नी सुमन देवी, सूरज पुत्र जितेंद्र, उसकी पत्नी गौरी, सुनीता पत्नी हरीश, सोनी पत्नी सोनू, शन्नो देवी पत्नी रंजीत शामिल हैं। इनके साथ छह बच्चे भी हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद जेवरात अलग-अलग घटनाओं में चोरी के हैं। इसमें आज सुबह पर्स से चुराए जेवर भी शामिल हैं।
दूसरी महिला के भी बैग से जेवर पार
बांदा। विहिप जिलाध्यक्ष अशोक ओमर की पुत्रवधू के पर्स से बस अड्डे में सोने का हार पार होने के चंद घंटे बाद रविवार को सुबह रेलवे स्टेशन में ट्रेन पर सवार महिला के पर्स से लाखों रुपये के जेवर चोरी कर लिए गए। शहर के न्यू मार्केट निवासी पूनम पत्नी संतोष धुरिया सुबह खजुराहो-कानपुर पैसेंजर से भरुआ सुमेरपुर जा रही थी। यहां ट्रेन में चढ़ते समय किसी ने बैग की चेन खोलकर अंदर रखा जेवरों से भरा छोटा पर्स पार कर दिया। कुछ देर बाद पूनम ने बैग की चेन खुली देखी तो जेवर चोरी होने की जानकारी हुई। उसने शोर मचाया। जीआरपी में तहरीर दी।
तीन महिलाएं देती हैं पूरी घटना अंजाम
बांदा। महिलाओं के पर्स से जेवर चुराने में माहिर हो चुके घुमंतू गिरोह में तीन महिला सदस्य होती हैं। एक रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर पर लगकर रेकी करती है। पर्स वाली महिला को भांपकर उसके साथ यात्रा के लिए ट्रेन का टिकट ले लेती है। ट्रेन में उसके इर्दगिर्द मंडराते रहते हैं। मौका मिलते ही माल पर हाथ साफ कर देते हैं।
बुजुर्ग या महिला से हमदर्दी जताकर सामान उठाने में उनकी मदद करने का नाटक करते हैं। इसी बीच चेन खोलकर या काटकर जेवर चोरी कर लेते हैं। जीआरपी द्वारा पकड़े गए गिरोह के पुरुष सदस्य जिगर के मुताबिक पूरा गैंग रेलवे स्टेशन के आसपास ही डेरा डाल कर सपरिवार रहता है। माल का बंटवारा गैंग का मुखिया करता है। इनके बच्चे दिनभर स्टेशन और बस अड्डे के आसपास भीख मांगते हैं।
बिहार के बने आधार कार्ड से करते हैं बचाव
बांदा। गिरोह के सदस्य पहचान पत्र के रूप में अपने पास अलग-अलग नाम और पते के आधार कार्ड रखते हैं। पुलिस या जीआरपी की चेकिंग होने पर इन्हें दिखाकर बच निकलते हैं। जीआरपी थानाध्यक्ष पीएल प्रजापति के मुताबिक पकड़े गए गैंग के पास दो आधार कार्ड मिले हैं। दोनों पर एक ही व्यक्ति की फोटो लगी है लेकिन नाम और पते अलग-अलग हैं। दोनों आधार कार्ड बिहार के मुजफ्फरपुर और सीवान जिलों से बने हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि इन जिलों की पुलिस को सूचना दी गई है। उधर, कांस्टेबल कमल सिंह और विक्रम राम की सक्रियता से गैंग का खुलासा हुआ। दोनों कांस्टेबलों के मुताबिक रविवार को सुबह पैसेंजर में एक महिला यात्री की पर्स का चेन खोल रही महिला को उन्होंने पकड़ लिया। कड़ाई से पूछताछ की तो सारा भंडाफोड़ हो गया।