बांदा। शहर के मध्य स्थित माडल शाप में बावर्दी शराब पीने के मामले में दोनों आरोपी कांस्टेबिलों को पुलिस अधीक्षक ने अनुशासनहीनता में निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई जांच के बाद की गई। दोनों पुलिस कर्मी पुलिस लाइन में तैनात हैं।
बीते मंगलवार को दोपहर शहर के व्यस्त इलाके स्टेशन रोड पर स्थित माडल शाप में बाइक पर आए दो बावर्दी पुलिस कर्मियों ने अंदर टेबुल पर बैठकर बीयर (शराब) पी थी। इसी बीच उनकी कारगुजारी किसी ने कैमरे में कैद कर ली गई। मीडिया के लोगों ने वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
उधर, कैमरा देखकर हड़बड़ाए दोनों पुलिस कर्मी अपना मोबाइल फोन छोड़कर बाइक से रफूचक्कर हो गए। उधर, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक शालिनी ने नगर क्षेत्राधिकारी सोहराब आलम को जांच के आदेश दिए। क्षेत्राधिकारी ने माडल शाप जाकर जांच की।
सेल्समैन और माडल शाप के अन्य लोगों से पूरी जानकारी लेकर उनके बयान भी लिए। क्षेत्राधिकारी की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसपी ने दोनों पुलिस कर्मियों को अनुशासनहीनता में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह दोनों पुलिस लाइन में तैनात हैं। इनके नाम रामदेव व भूपेंद्र सिंह बताए गए हैं।
-एसपी ने अनुशानहीनता मानकर की कार्रवाई
-वीडियो वायरल होने पर एसपी ने सीओ से कराई जांच
अमर उजाला ब्यूरो