गिट्टीबांदा। तेज रफ्तार डंपर ने 14 वर्षीय किशोरी को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से उत्तेजित ग्रामीणों ने स्पीड ब्रेकर की मांग लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों के समझाने पर लगभग एक घंटे बाद आवागमन बहाल हो सका।
घटना कोतवाली देहात क्षेत्र के हथौरा गांव की है। दोहा गांव निवासी राम प्रसाद की पुत्री नीतू रविवार को शाम सड़क किनारे लकड़ी काट रही थी। तभी गिट्टी भरा तेज रफ्तार डंपर ने उसे कुचल दिया। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
राहगीरों ने कुछ दूर पीछा किया, लेकिन चालक डंपर लेकर भाग निकला। 20 दिनों में हथौरा मार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं में कई मौते होने से क्षुब्ध ग्रामीणों ने जाम लगाकर स्पीड ब्रेकर की मांग की। कोतवाली देहात प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा ने समझा-बुझाकर शांत किया और जाम खुलवाया। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।