बांदा। मायके से रुपये न लाने पर युवती के मुंह में कपड़ा ठूंसकर पति ने डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। पुलिस को दी तहरीर में जबरन शराब पिलाने का भी आरोप लगाया। अन्य घटना में अज्ञात युवकों ने तमंचे की बट से वारकर बाराती को घायल कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली नगर के हरदौली कांशीराम कालोनी निवासी शन्नो बानो (30) पत्नी रईस का पुलिस ने रविवार को जिला अस्पताल में इलाज कराया। उसे गंभीर चोटें थीं। शन्नो ने बताया कि पति शराब का आदी है। मायके से रुपये लाने की कई दिनों से जिद कर रहा था।
आरोप लगाया कि मना करने पर शनिवार की रात जबरन शराब पिलाने की कोशिश की और फिर मुंह में कपड़ा ठूंसकर डंडों से पीट दिया। रविवार को सुबह पांच वर्षीय पुत्री को लेकर चुपचाप घर से निकल गई और मौदहा (हमीरपुर) जाकर मायके वालों से आपबीती बताई। पुलिस में शिकायत करने पर पति भाग गया।
एक अन्य घटना में शहर के छोटी बाजार निवासी जितेंद्र यादव (25) पुत्र रघुवीर यादव से कैलाशपुरी स्थित एक मैरिज हाल में शादी समारोह के दौरान अज्ञात चार लोगों ने मारपीट की। जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि हमलावरों ने तमंचे की बट से वार किया था।
पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जिला अस्पताल में डाक्टरी परीक्षण कराया। उधर, समद नगर (महोबा) निवासी सत्येंद्र सिंह (25) पुत्र नेतराम को शनिवार की रात पड़ोसी युवक ने डंडे से पीट दिया। परिजनों ने बांदा जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।