बांदा। नहर किनारे खंती में शुक्रवार को मिले अज्ञात युवक के शव की बरामदगी मामले में लूट और हत्या का मामला सामने आया है। परिजनों ने शिनाख्त कर बताया है कि बदमाश हत्या कर ट्रैक्टर और ट्राली लूट ले गए। पुलिस को तहरीर दी गई है। उधर, गिरवां और कालिंजर थाना पुलिस एक-दूसरे पर टाल रही है।
बरामद शव कालिंजर थाना क्षेत्र के तलहटी कालिंजर के राजू कुशवाहा (30) पुत्र गनेशी का था। शनिवार को अखबारों में खबर छपने के बाद पोस्टमार्टम हाउस आकर पिता और परिजनों ने शिनाख्त की। पिता ने गिरवां थाने को बताया कि राजू अपने बड़े भाई दिनेश का ट्रैक्टर भाड़े पर चलाता था। दो दिन से वह लापता था।
कालिंजर थाने में इसकी सूचना दी गई थी। पिता के मुताबिक बदमाश भाड़े पर ट्रैक्टर बुक कराकर ले गए और रास्ते में राजू की हत्या कर शव नहर किनारे फेंक दिया और ट्रैक्टर व ट्राली लेकर फरार हो गए। उसका मोबाइल और पर्स भी ले गए। पर्स में दो हजार रुपये बताए। भाई भूपत ने बताया कि बाइक सवार तीन लोग 13 दिसंबर को कालिंजर आए थे और ट्रैक्टर भाड़े पर ले गए थे।
उधर, शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने वाली गिरवां पुलिस का कहना है कि घटना कालिंजर की है। इसलिए कालिंजर थाने में ही रिपोर्ट दर्ज होगी। थानाध्यक्ष दुर्गविजय सिंह ने यह बात कही।
उधर, कालिंजर थानाध्यक्ष नीरज सिंह का कहना है कि फिलहाल उन्हें मृतक के परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। मृतक अविवाहित था।