बांदा। बदमाश ने मारपीट करते हुए चाकू की नोक पर महिला से सोने की चेन छीन ली। विरोध करने पर पति को चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया। एक अन्य घटना में शराब के लिए रुपये न देने पर दो दबंगों ने छात्र को चाकू मारकर घायल कर दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के नोनिया मोहाल निवासी विजय कुमार (35) पुत्र इंद्रपाल सोनकर शनिवार को रात अपनी पत्नी ज्ञानू देवी (32) के साथ घर पर खाना खा रहा था। इसी बीच चाकू से लैस एक बदमाश आ धमका। युवती के साथ मारपीट करते हुए चाकू की नोक पर सोने की चेन छीन ली।
विरोध करने पर बदमाश ने विजय को चाकू मारकर घायल कर दिया और भाग निकला। घायल दंपत्ति को पड़ोसियों ने जिला अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। पति ने बदमाश के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
उधर, शहर के अलीगंज निवासी शिवम गोयल (18) पुत्र अशोक गोयल शनिवार को रात खाना खाकर टहलने निकला था। इसी बीच खाईंपार और कटरा निवासी दो दबंग युवकों ने उसे रोक लिया और शराब पीने को रुपये मांगे। इनकार करने पर मारपीट करते हुए उसके गले और चेहरे पर चाकू मार दी।
वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों को आते देख दबंग युवक भाग निकले। पिता के मुताबिक शिवम लखनऊ में 10वीं कक्षा का छात्र है। गर्मी की छुट्टी पर घर आया था।
-विरोध करने पर पति को चाकू मारा
-छात्र को भी दबंगों ने मारा चाकू
अमर उजाला ब्यूरो