बांदा। अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए बृहस्पतिवार को मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह और पुलिस महानिरीक्षक के.सत्यनारायणा खुद निकल पड़े। आबकारी और पुलिस की संयुक्त टीम ने कनवारा गांव स्थित केन नदी किनारे भारी मात्रा में अवैध शराब और लहन बरामद की।
इतनी बरामदी के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने क्षेत्र के बीट सिपाही शिव गणेश यादव को लापरवाही बरतने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। चित्रकूट में जहरीली शराब से हुईं सात लोगों की मौतों के बाद चित्रकूटधाम मंडल में आबकारी और पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। इस कारोबार में लिप्त आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है। जनपद में चल रहे अभियान से नाखुश कमिश्नर और आईजी ने अवैध शराब के खिलाफ धरपकड़ अभियान की बागडोर खुद संभाल ली।
बृहस्पतिवार को दोनों अधिकारियों ने आबकारी और पुलिस फोर्स के साथ कनवारा गांव के मजरा बरुआ डेरा में छापा मारा। केन नदी किनारे बालू में दफन सात बड़े प्लास्टिक ड्रम खोज निकाले। सभी ड्रमों को पुलिसकर्मियों के सहयोग से बालू से बाहर निकाला गया। इनमें 55 लीटर अवैध शराब और 800 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। बरामद लहन को वहीं नष्ट करा दिया गया। कार्यवाही के दौरान एसडीएम सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुधीर सिंह, जिला आबकारी अधिकारी संतोष कुमार व सुधांशु चौधरी, प्रभारी आबकारी निरीक्षक और पुलिस कर्मी भी मौजूद रहे।