crime,police,rupees,IG,mandalayoukta
- फोटो : BANDA
बांदा। चित्रकूटधाम मंडल के अतिवांछित बन चुके दस्यु सरगना गौरी यादव उर्फ उदयभान पर इनाम की राशि में चार गुना इजाफा होने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। फिलहाल यूपी पुलिस द्वारा डाकू पर एक लाख का इनाम घोषित है। जल्द ही यह राशि पांच लाख रुपये होने के आसार हैं।
दस्यु प्रभावित पाठा क्षेत्र से पिछले डेढ़ दशक के अंदर ददुआ और ठोकिया जैसे कुख्यात दस्यु सरगनाओं सहित कई डकैतों का सफाया हो चुका है, लेकिन यह क्षेत्र अभी भी दस्यु समस्या से पूरी तरह मुक्त नहीं हुआ है। कुछ गैंग और उनके सरगना सिर उठा रहे हैं। इन्हीं में एक दस्यु सरगना गौरी यादव भी है। यूपी-एमपी दोनों पुलिस के लिए यह मोस्टवांटेड बन गया है। चित्रकूटधाम मंडल पुलिस गौरी यादव के सफाए में जुटी हुई है।
इसी श्रृंखला में मंडल के पुलिस महानिरीक्षक के. सत्यनारायणा ने हाल ही में गौरी यादव पर घोषित इनाम एक लाख को बढ़ाकर 5 लाख करने की संस्तुति प्रयागराज जोन के अपर पुलिस महानिदेशक प्रेमप्रकाश को भेजी थी। सूत्रों के मुताबिक, अपर महानिदेशक ने आईजी की संस्तुति को स्वीकारते हुए गौरी पर इनाम राशि 5 लाख करने को शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। माना जा रहा कि जल्द ही शासन से मंजूरी मिल जाएगी। इसके बाद गौरी मौजूदा समय का पाठा क्षेत्र में सबसे बड़े इनाम का डकैत हो जाएगा।