बांदा। हत्या के आरोप पर पुलिस ने अंतिम संस्कार रोक दिया और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के भतीजे ने 20 बीघा जमीन के लालच में हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस स्वाभाविक मौत मान रही है।
घटना कालिंजर थाना क्षेत्र के परसहर गांव की है। रविवार को सुबह जगदीश (86) के शव का अंतिम संस्कार किया जा रहा था। तभी मृतक के भतीजे देवेंद्र ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अंतिम संस्कार को रोक दिया और शव को अपने कब्जे में ले लिया। देवेंद्र का कहना है कि मृतक अविवाहित था। उसके भाई व अन्य परिजन कानपुर में रहते हैं।
आरोप लगाया कि गांव का एक रिश्तेदार जगदीश को दो साल से अपने घर में रखे था। उसे बाहर भी नहीं निकलने दिया जाता था। जगदीश की 20 बीघा जमीन भी रिश्तेदार ने अपने घरवालों के नाम करा ली। जगदीश की मौत की सूचना भी उसके परिवार वालों को नहीं दी गई। कालिंजर थाना इंस्पेक्टर राजीव यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया स्वाभाविक मौत प्रतीत हो रही है। आरोप के आधार पर पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। (संवाद)